
गिरिडीह: सिहोडीह निवासी 16 वर्षीय पायल कुमारी की मौत/गुमशुदगी के 11 दिन बीत जाने के बाद भी मामले का खुलासा नहीं होने पर परिजनों और स्थानीय युवाओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। न्याय और त्वरित जांच की मांग को लेकर शनिवार को बड़ी संख्या में लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।
कैंडल मार्च में पायल के पिता जागेश्वर दास, भाई शिवा दास, राजू दास, संजय दास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय युवक-युवतियां और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और तेज जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की।

मार्च के दौरान लोगों ने कहा कि 11 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक मामले का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, जिससे परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। परिजनों का कहना है कि जल्द से जल्द जांच पूरी कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि परिवार को न्याय मिल सके।

कैंडल मार्च में सोनू कुमार(Sonu Physical Academy), आकाश कुमार(Bhaiya jee free physical academy), सोनू केसरी, विक्की, तोहिद, छोटू, बजरंगी, रतन समेत कई युवाओं ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि जब तक मामले में न्याय नहीं मिलता, तब तक उनकी आवाज उठती रहेगी।

परिजनों ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि मामले की जांच में तेजी लाई जाए और जल्द से जल्द सच्चाई जनता के सामने लाई जाए।




