
गिरिडीह, 30 मई 2026: युवा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की जिला स्तरीय बैठक शनिवार को गिरिडीह सर्किट हाउस में संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर व्यापक चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए युवा राजद के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों में अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल आम जनता के हक और अधिकार की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही समाजवादी विचारधारा से जुड़े बुद्धिजीवियों को संगठन से जोड़कर उनके मार्गदर्शन में पार्टी को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में आगामी “युवा संवाद चौपाल यात्रा” को सफल बनाने को लेकर भी रणनीति तैयार की गई। सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

इस दौरान जिला कमिटी का विस्तार करते हुए रविंद्र कुमार को जिला उपाध्यक्ष, राजेश कुमार यादव को जिला कोषाध्यक्ष तथा जागेश्वर यादव को जिला सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई जिम्मेदारी मिलने पर सभी पदाधिकारियों ने संगठन हित में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया।
बैठक में राजद जिला अध्यक्ष इरफान अंसारी एवं जिला महासचिव रामेश्वर यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने संगठन को मजबूत करने, युवाओं को नेतृत्व में आगे लाने और जनसरोकार के मुद्दों पर संघर्ष को और तेज करने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार, युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा जनहित के मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाने का संकल्प लिया।




