E-Paperराजनीति

“अगर कार्रवाई नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन” — कम्पु यादव मामले में प्रशासन को दी गई चेतावनी

यादव महासभा, राष्ट्रीय यादव सेना और आजसू समर्थकों ने सौंपा ज्ञापन, दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की उठी मांग

गिरिडीह। आजसू पार्टी के कार्यकारी जिला अध्यक्ष एवं ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन के सह-जिलाध्यक्ष सुमित गौरव उर्फ कम्पु यादव से कथित दुर्व्यवहार, गाली-गलौज, मारपीट तथा बिना कारण घंटों थाने में बैठाए रखने के आरोपों का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। इस घटना को लेकर जिले के विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं छात्र संगठनों में आक्रोश देखा जा रहा है।

सोमवार को यादव महासभा, राष्ट्रीय यादव सेना, आजसू महिला मोर्चा, आजसू छात्र संघ सहित कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

यादव महासभा के नेताओं राजेश यादव और दिनेश यादव ने कहा कि 11 जून को हुई कथित घटना गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी नागरिक के साथ अभद्र व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। नेताओं ने मांग की कि मामले की पारदर्शी एवं निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जाए।

उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं यदि आरोप गलत साबित होते हैं, तब भी प्रशासन को जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि पुलिस प्रशासन का दायित्व जनता की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना है। ऐसे में पुलिस अधिकारियों पर लगाए गए गंभीर आरोप आम लोगों के विश्वास को प्रभावित करते हैं। इसलिए प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई तो यादव महासभा, राष्ट्रीय यादव सेना, आजसू परिवार तथा अन्य सामाजिक संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे। इसके तहत धरना-प्रदर्शन, विरोध मार्च और नगर थाना घेराव जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकते हैं।

इस दौरान यादव महासभा, राष्ट्रीय यादव सेना गिरिडीह, विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों के कई पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!