इनर व्हील क्लब ऑफ सनशाइन गिरिडीह की नई टीम ने संभाली कमान, समाजसेवा के कई बड़े प्रकल्पों का ऐलान
6वें इंस्टॉलेशन समारोह में राखी झुनझुनवाला बनीं नई अध्यक्ष, 2026-27 सत्र के लिए सेवा कार्यों की रूपरेखा हुई प्रस्तुत

गिरिडीह। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय इनर व्हील क्लब ऑफ सनशाइन गिरिडीह का 6वां इंस्टॉलेशन समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर वर्ष 2026-27 के लिए क्लब की नई कार्यकारिणी ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। समारोह में शहर के सामाजिक, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों के आगमन, दीप प्रज्वलन, इनर व्हील प्रार्थना एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद कला कुंज संस्थान की छात्राओं ने दुर्गा स्तुति की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
समारोह में वर्ष 2025-26 की अध्यक्ष कविता राजगढ़िया ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को साझा किया, जबकि सचिव स्मृति आनंद ने वार्षिक प्रतिवेदन एवं क्लब द्वारा किए गए सेवा कार्यों का पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण किया।
इसके बाद सम्मान समारोह आयोजित किया गया तथा नई अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला का परिचय एवं कॉलर एक्सचेंज की औपचारिकता पूरी की गई। पदभार ग्रहण करने के बाद नई अध्यक्ष ने आगामी सत्र की कार्ययोजना और समाजसेवा के लिए अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। वहीं नई सचिव संगीता सिन्हा ने वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की।
समारोह के दौरान नई कार्यकारिणी एवं नए सदस्यों का शपथ ग्रहण भी कराया गया। क्लब ने आगामी सत्र में कई जनकल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की। इनमें जरूरतमंदों को दो हियरिंग एड उपलब्ध कराना, वर्षभर सेनेटरी पैड वितरण अभियान चलाना, हैप्पी स्कूल के लिए स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराना तथा महिला सशक्तिकरण के तहत सिलाई मशीन वितरण जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम में अतिथियों का सम्मान, नए सदस्यों का स्वागत, लकी ड्रॉ एवं धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
आयोजन को सफल बनाने में पीडीसी पूनम सहाय का विशेष मार्गदर्शन रहा। वहीं अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला, सचिव संगीता सिन्हा, उपाध्यक्ष स्मृति आनंद, कोषाध्यक्ष रश्मि गुप्ता, बिपाशा बसु, परवीन, एसआईपीपी एवं क्लब की सभी सदस्याओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।



