
बेंगाबाद/जामताड़ा। जामताड़ा साइबर थाना में पदस्थापित आरक्षी गौतम कुमार को कथित रूप से लाखों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोप है कि उसने थाना में जप्त वाहनों को सस्ते दामों में नीलामी के माध्यम से दिलाने का झांसा देकर बेंगाबाद के कई लोगों से बड़ी रकम ठग ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चपुआडीह निवासी महाराज यादव के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि आरक्षी गौतम कुमार ने महाराज यादव सहित उनके परिचित कुल आठ लोगों को जप्त वाहनों को कम कीमत पर दिलाने का भरोसा दिया और इस बहाने उनसे 39 लाख रुपये से अधिक की राशि ले ली।
जब लंबे समय तक वाहन उपलब्ध नहीं कराए गए और आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया तथा कथित रूप से नंबर भी ब्लॉक कर दिया, तब पीड़ितों को ठगी की आशंका हुई। इसके बाद महाराज यादव ने बेंगाबाद थाना में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जांच के दौरान अनुसंधानकर्ता विजय कुमार मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मधुपुर थाना क्षेत्र के गाड़िया गांव में छापेमारी कर आरोपी आरक्षी गौतम कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस कथित धोखाधड़ी में अन्य कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं।
नोट: आरोपी की गिरफ्तारी हुई है, लेकिन अंतिम दोष या निर्दोष होने का निर्णय न्यायालय द्वारा साक्ष्यों के आधार पर किया जाएगा।
रिपोर्ट: BNB ALL INDIA NEWS




