मंत्री सुदिव्य सोनू को याद कर भावुक हुईं पोषण सखियां, झंडा मैदान में दी भावभीनी श्रद्धांजलि
प्रदेश अध्यक्ष प्रमिला कुमारी की अगुवाई में श्रद्धांजलि सभा, पोषण सखियों ने कहा- हमारे लिए बड़े भाई और अभिभावक थे सुदिव्य सोनू

📰 पूरी खबर
गिरिडीह: झारखंड राज्य एकीकृत पोषण सखी संघ की प्रदेश अध्यक्ष प्रमिला कुमारी, जिला कमिटी एवं विभिन्न प्रखंड कमिटी के सदस्यों की अगुवाई में गिरिडीह के झंडा मैदान में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में पोषण सखियां मौजूद रहीं।

श्रद्धांजलि सभा में पोषण सखियों ने दिवंगत मंत्री की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया।

प्रदेश अध्यक्ष प्रमिला कुमारी ने कहा कि पोषण सखियों की नौकरी वापस करवाने में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का महत्वपूर्ण योगदान रहा था। उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू उनके लिए सिर्फ मंत्री नहीं, बल्कि बड़े भाई और अभिभावक के समान थे।

प्रमिला कुमारी ने कहा कि उनके निधन से पोषण सखियों के बीच गहरा दुख है और उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। उन्होंने कहा कि दिवंगत मंत्री की छत्रछाया अब उनके बीच नहीं रही, जिसे लेकर पोषण सखियां भावुक हैं।

वहीं गावां प्रखंड की प्रखंड अध्यक्ष पूजा विश्वकर्मा ने मंत्री के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि जब उन्हें सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की खबर मिली तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ कि वह अब उनके बीच नहीं रहे।
श्रद्धांजलि सभा में जिला अध्यक्ष रजिया खातून, सचिव रीता दास, बसंती कुमारी, गावां प्रखंड सचिव रिंकी श्रीवास्तव, गुड़िया चौधरी, प्रीति कुमारी, नंदनी कुमारी, ललिता देवी, सीमा कुमारी, ज्योति दास, रिंकी कुमारी, तमन्ना परवीन, सोनिया हांसदा, कृष्णा हेंब्रम सहित सैकड़ों की संख्या में पोषण सखियां उपस्थित रहीं।
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद झारखंड के विभिन्न हिस्सों में उन्हें श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है। �




