E-Paperराजनीति

छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर सरकार पर बरसे राजकुमार राज! बोले- युवाओं की आवाज दबाने से नहीं निकलेगा समाधान

रांची में आंदोलनरत छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की निंदा, सरकार से निष्पक्ष समीक्षा और छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता से विचार करने की अपील

रांची। राजधानी रांची में विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज को लेकर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान बल प्रयोग से नहीं, बल्कि संवाद और सकारात्मक पहल से किया जाना चाहिए।

राजकुमार राज ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाना प्रत्येक नागरिक और विशेषकर छात्रों का अधिकार है। छात्र किसी भी राज्य की सबसे बड़ी ताकत और भविष्य होते हैं। ऐसे में प्रतियोगी परीक्षाओं, नियुक्तियों और परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी उनकी समस्याओं एवं मांगों को सरकार और प्रशासन को गंभीरता से सुनना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि छात्रों को किसी परीक्षा या नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर असंतोष या आशंका है, तो सरकार को छात्र प्रतिनिधियों के साथ बैठकर उनकी शंकाओं का समाधान करना चाहिए। आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन लाठीचार्ज किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता।

रालोजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी छात्र को चोट लगी है तो उसके उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

 

राजकुमार राज ने कहा कि सरकार को छात्रों की जायज मांगों पर संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ विचार करना चाहिए। छात्र आंदोलन को केवल राजनीतिक नजरिए से देखने के बजाय युवाओं की चिंता और उनके भविष्य से जोड़कर देखना आवश्यक है।

उन्होंने छात्रों से भी अपील की कि वे अपनी मांगों को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से रखें तथा किसी भी प्रकार की हिंसा या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से बचें।

राजकुमार राज ने कहा, “सरकार और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति किसी के हित में नहीं है। जरूरत इस बात की है कि दोनों पक्ष संवाद की मेज पर बैठें और ऐसा समाधान निकले, जिससे छात्रों का भविष्य सुरक्षित हो तथा राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रिया के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत हो।”

रिपोर्ट: BNB ALL INDIA NEWS

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!