E-Paper

श्रद्धांजलि बनी पर्यावरण संरक्षण का संदेश! दिवंगत सेवकी देवी की स्मृति में किया गया पौधारोपण, जरूरतमंद परिवार को मिली आर्थिक सहायता

जीतपुर गांव में दिवंगत सेवकी देवी की स्मृति में फलदार पौधे लगाए गए, विधवा बहू और चार बच्चों की शिक्षा के लिए समाजसेवियों ने बढ़ाया मदद का हाथ

गिरिडीह। गिरिडीह मुफस्सिल क्षेत्र के जीतपुर गांव में दिवंगत सेवकी देवी की स्मृति में श्रद्धांजलि एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनकी याद में फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही परिवार की विधवा बहू एवं छोटे-छोटे बच्चों की शिक्षा और भविष्य के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता परिवार के मुख्य अभिभावक जगदीश गोपालक (पूर्व ओवरमैन) एवं उनकी धर्मपत्नी तनुजा गोपालक ने की। इस दौरान श्रीमती तनुजा गोपालक ने दिवंगत सेवकी देवी की स्मृति में पौधा भेंट किया, जबकि परिजनों ने पौधारोपण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर परिवार के सदस्य राजेश गोपालक ने अपनी बड़ी भाभी सेवकी देवी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। वहीं भगीना टिंकु यादव सहित अन्य लोगों ने विधवा बहू और उनके चार छोटे बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया।

पर्यावरण कार्यकर्ता शिवशंकर गोप ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने पौधे उपलब्ध कराने के लिए वन विभाग के संजय यादव तथा आर्थिक सहयोग देने के लिए प्रोफेसर जागेश्वर यादव एवं अधिवक्ता कामेश्वर यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में जगदीश गोपालक ने कहा कि जिस प्रकार बच्चों की शिक्षा भविष्य का सहारा बनती है, उसी तरह आज लगाया गया एक पेड़ आने वाले वर्षों में आर्थिक और पर्यावरणीय दोनों दृष्टि से परिवार के लिए अमूल्य संपत्ति साबित होगा।

बताया गया कि 12 वर्षीय सिद्धू ने कुछ समय पहले अपने पिता को एक दुखद घटना में खो दिया था। वह अभी इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि उसकी दादी सेवकी देवी का भी निधन हो गया। अब परिवार में उसकी विधवा मां और चार छोटे-छोटे बच्चों के सामने जीवनयापन और शिक्षा की बड़ी चुनौती है। ऐसे समय में समाज के लोगों द्वारा बढ़ाया गया सहयोग परिवार के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

 

इस कार्यक्रम में जितेंद्र कुमार गोपालक, एतवारी यादव, रामजी यादव, राजेश कुमार गोपालक, वृजेश गोपालक, टिंकु यादव, धनवा देवी, संगीता गोपालक, सोनू, सरिता, सिद्धू सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: BNB ALL INDIA NEWS

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!